नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वर्ष 2022 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। वह प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं।
सदस्यता ग्रहण के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य गुरदीप सप्पल तथा प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रामशरण नौटियाल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं, सामाजिक सौहार्द और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और उसके संघर्षों में विश्वास जताते हुए रामशरण नौटियाल का पार्टी में शामिल होना स्वागतयोग्य है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय तथा समावेशी विकास के मूल सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य गुरदीप सप्पल ने विश्वास जताया कि रामशरण नौटियाल के राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव से पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही, जौनसार-बावर क्षेत्र में कांग्रेस की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।
वहीं, प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति से पार्टी की विचारधारा, नीतियों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रामशरण नौटियाल संगठन को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने को जौनसार-बावर क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
