विकासनगर/देहरादून। नवरात्रि के पावन अवसर पर सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बड़ोवाला-भाऊवाला स्थित मां भद्रकाली मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश मंत्री एवं त्रिकोण सोसाइटी की निदेशक नेहा शर्मा ने विभिन्न कीर्तन मंडलियों को सम्मानित कर उन्हें साड़ी, ढोलक, स्पीकर सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की।
कार्यक्रम के दौरान नेहा शर्मा ने कहा कि कीर्तन मंडलियां धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का उद्देश्य उनके धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यों को प्रोत्साहित करना और सहयोग प्रदान करना है।
मां भद्रकाली मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां भगवती की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कीर्तन मंडलियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहने की इस पहल की उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना की।
नवरात्रि पर नेहा शर्मा ने कीर्तन मंडलियों को किया सम्मानित, साड़ी-ढोलक और स्पीकर किए भेंट
बड़ोवाला-भाऊवाला स्थित मां भद्रकाली मंदिर में धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
9
