देहरादून। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन देहरादून में धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पूजा में शामिल होकर पुलिस कर्मियों की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और जनसेवा में सफलता की कामना की।
इस दौरान एसएसपी ने भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण और कौशल का देवता बताते हुए उनके आदर्शों को कर्म, दक्षता और जिम्मेदारी से जोड़कर देखा। उन्होंने पुलिस बल की कार्यक्षमता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शस्त्रों और सरकारी वाहनों की भी विधिवत पूजा की।
एसएसपी ने कहा कि शस्त्र और वाहन पुलिस की कार्यप्रणाली के महत्वपूर्ण आधार हैं। इनके माध्यम से पुलिसकर्मी जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे संसाधनों की पूजा पुलिस की गौरवशाली परंपरा और उनके प्रति सम्मान का प्रतीक है।
पूजा-अर्चना के अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक दूरसंचार, क्षेत्राधिकारी डालनवाला, सदर, डोईवाला और यातायात सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जनपद के सभी थानों और चौकियों में भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुलिस इकाइयों में शस्त्रों और सरकारी वाहनों का पूजन कर उनकी सुरक्षा एवं सुचारु संचालन की कामना की गई।
पुलिस लाइन में श्रद्धा के साथ मनाई विश्वकर्मा जयंती, एसएसपी ने की शस्त्रों और वाहनों की पूजा
6
