देहरादून, 1 सितंबर। देहरादून वन प्रभाग की मसूरी रेंज में वन्यजीवों के अवैध शिकार, कब्जे और खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने मालसी रेंज के बल्लीवाला चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जिंदा स्पॉटेड ईगल (Spotted Eagle) बरामद किया और मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्राप्त सूचना के आधार पर उप प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून अभिषेक मैठाणी के नेतृत्व में मालसी रेंज एवं वन सुरक्षा दल की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से जिंदा स्पॉटेड ईगल बरामद हुआ। वन विभाग ने पक्षी को अपनी अभिरक्षा में लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस
वन विभाग के अनुसार, मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। मामले में आगे की विवेचना एवं विभागीय कार्रवाई जारी है।
अवैध वन्यजीव कारोबार पर शिकंजा
प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून वैभव कुमार सिंह ने कहा कि वन्यजीवों का अवैध शिकार, कब्जा और खरीद-फरोख्त गंभीर वन्यजीव अपराध है। वन विभाग ऐसे मामलों में लगातार निगरानी कर रहा है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं वन्यजीवों के शिकार, अवैध व्यापार, कब्जे अथवा वन्यजीवों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1926 अथवा नजदीकी वन चौकी को सूचना दें।
कार्रवाई में वन अधिकारी एवं वन सुरक्षा दल के कर्मचारी शामिल रहे। मामले की जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना है।
मालसी रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जिंदा स्पॉटेड ईगल के साथ आरोपी गिरफ्तार
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज, अवैध खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की जांच शुरू
134
