देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन गया है। इसके जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और अभिनव प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक रोचक एवं सरल तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान कर रहे हैं। इससे अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कुंवावाला में सीएम ने सुना ‘मन की बात’ का 137वां संस्करण, युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: मुख्यमंत्री धामी
3
