हमारी चौपाल
हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय एवं मानसखण्ड खेल परिसर के प्रथम चरण के ₹43.50 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित करने के साथ ही मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय की स्थापना उत्तराखंड के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसरों के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। यह विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करते हुए ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मासिक खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। खिलाड़ियों के लिए खेल इंजरी और आकस्मिक परिस्थितियों में बीमा एवं आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था की गई है। अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को भी विभिन्न विभागों में सेवायोजित करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
23 नई हाईटेक खेल अकादमियों की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। लोहाघाट में प्रदेश का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित किया जा रहा है। वहीं ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के माध्यम से प्रत्येक जिले की विशिष्ट खेल पहचान विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। विभिन्न खेल विधाओं के लिए प्रदेश में 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है, जिसे कैबिनेट की मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा। वर्ष 2027 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने तथा ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभी से विशेष रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
‘मौली एआई एप्लीकेशन’ से होगी खिलाड़ियों की फिटनेस जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से उदीयमान खिलाड़ियों की फिटनेस का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। तकनीक के माध्यम से खिलाड़ियों के कौशल और प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ मैदान में अपना शत-प्रतिशत दें। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आर्थिक कठिनाई, संसाधनों की कमी या अवसरों का अभाव किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी के सपनों की राह में बाधा न बने।
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिला सम्मान
राष्ट्रीय खेल दिवस पर वर्ष 2024 के लिए एथलेटिक्स की अंकिता को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार तथा एथलेटिक्स के लोकेश चौधरी को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया। वर्ष 2025 के लिए शूटिंग के अभिनव देशवाल को खेल रत्न, क्याकिंग एवं कैनोइंग के मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य तथा बॉक्सिंग के मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया।
दिव्यांग श्रेणी में शूटिंग के शौर्य सैनी को हिमालय रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मॉडर्न पेंटाथलॉन की टीम श्रेणी में सक्षम प्रताप सिंह एवं ममता खाती तथा बॉक्सिंग की एकल श्रेणी में खुशी चंद को हिमालय खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में अंकिता, खुशी चंद, मनीषा चौहान, रफीक अहमद, भूमिका, राहुल सिंह, चिराग बरेठा, मनोज सरकार, मनदीप कौर, सक्षम प्रताप सिंह, शेफाली रावत, निलिमा राय, आर्यावंश त्यागी और भूमि शामिल रहे।
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे
