देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने ₹3.20 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में वांछित आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
साइबर ठगों ने कंपनी के उच्चाधिकारी और मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) बनकर व्हाट्सऐप के माध्यम से कंपनी के जनरल मैनेजर (जीएम) से संपर्क किया था। आरोपियों ने प्रोजेक्ट के एडवांस भुगतान और अन्य भुगतानों के नाम पर जीएम को झांसे में लिया और श्याम ट्रेडिंग कंपनी समेत विभिन्न बैंक खातों में करीब ₹3.20 करोड़ की रकम ट्रांसफर करवा ली।
मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने ठगी में इस्तेमाल किए गए विभिन्न मोबाइल नंबरों की जांच के साथ उन बैंक खातों को भी खंगाला, जिनमें ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। तकनीकी जांच और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच में चंद्र कांत मिश्रा निवासी ग्रीन फील्ड सिटी, महेशतल्ला, कोलकाता का नाम सामने आया।
इसके बाद एसटीएफ की साइबर पुलिस टीम कोलकाता रवाना हुई। टीम ने कार्रवाई करते हुए चंद्र कांत मिश्रा को ग्रीन फील्ड सिटी, महेशतल्ला से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के लैपटॉप से विभिन्न कंपनियों के एडिटेबल दस्तावेज, बैंक लोन आवेदन तथा कई व्यक्तियों के आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां बरामद हुई हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। अब चंद्र कांत मिश्रा की गिरफ्तारी से मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक विकास भारद्वाज, सुरेश कुमार और शादाब अली शामिल रहे। एसटीएफ अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेनदेन की गहन जांच के आधार पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
