देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची मातृशक्ति और भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी बहनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षा सूत्र बांधकर अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने बहनों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आत्मीय अवसर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में विश्वास, स्नेह और संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि बहनों द्वारा दिए गए इस स्नेह और आशीर्वाद को वह सदैव सम्मान के साथ स्मरण रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार की सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से उत्तराखंड में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। प्रदेश में अब तक 3 लाख 9 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मातृशक्ति को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाकर प्रदेश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनाना है।
इस अवसर पर विधायक सविता हरबंस कपूर, विधायक आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट एवं प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री धामी ने मातृशक्ति का जताया आभार
मुख्यमंत्री आवास में प्रदेशभर से पहुंची बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र, मुख्यमंत्री ने कहा—महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
0
