देहरादून, 3 अगस्त। जिला पंचायत सभागार, देहरादून में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की ओर से आयोजित शेरे गढ़वाल स्वर्गीय कप्तान राम प्रसाद नौटियाल की 121वीं जयंती समारोह में बड़ी संख्या में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीर्थ सिंह रावत उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए नई पीढ़ी से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व दायित्वधारी एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा कर्नल सी.एम. नौटियाल ने की। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भुवनेश विद्यार्थी के जीवन, संघर्ष और उनसे जुड़े संस्मरण साझा किए तथा उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सुनीता बौड़ाई (विद्यार्थी परिवार) ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों से मिलकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों, विशेष रूप से नंद किशोर नौटियाल का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह का समापन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति श्रद्धांजलि और राष्ट्र सेवा के उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
शेरे गढ़वाल कप्तान राम प्रसाद नौटियाल की 121वीं जयंती पर स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
3
