हमारी चौपाल
देहरादून, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” अभियान के तहत देहरादून पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 21 वर्षीय महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 2 अगस्त की रात करीब 8:05 बजे ग्राम कुंजा ग्रांट निवासी मुस्कान पत्नी सोनू (21 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला अपने घर पर ही ग्राहकों को बुलाकर स्मैक की छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर बेचती थी।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह एक स्थानीय महिला से स्मैक खरीदकर अधिक मुनाफे के लिए उसकी पुड़ियां बनाकर बेचती थी। पुलिस ने संबंधित महिला के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिला पहले भी वर्ष 2023 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुकी है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
बरामदगी
37 ग्राम अवैध स्मैक (अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये)
एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू
यह कार्रवाई उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की, जिसमें कांस्टेबल रजनीश, महिला कांस्टेबल रुचिता डोभाल तथा पीआरडी जवान आनंद सिंह शामिल रहे।
