हमारी चौपाल
देहरादून, 1 अगस्त। दून पुलिस ने एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए आंध्र प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, तीन फर्जी आधार कार्ड, चोरी में प्रयुक्त पेचकस और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से 31 जुलाई की रात देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के पास से मंडलपु शिवा अंजनेयुलू (43), निवासी गुंटूर, आंध्र प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने एम्स ऋषिकेश के अलावा गुजरात के राजकोट स्थित सिविल अस्पताल परिसर में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। सत्यापन में राजकोट के प्रद्युम्ननगर थाने में भी संबंधित मुकदमा दर्ज पाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल परिसरों में घूमता था और बंद मकानों की रेकी कर चोरी करता था। पहचान छिपाने के लिए वह अलग-अलग नामों के फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर होटल और धर्मशालाओं में ठहरता था। आरोपी पहले भी आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और गुंटूर में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
दून पुलिस अब आरोपी के अन्य राज्यों में आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। इस सफलता को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
