देहरादून, 30 जुलाई। धर्मपुर विधानसभा की जर्जर सड़कों, गहरे गड्ढों और बदहाल जल निकासी व्यवस्था को लेकर गुरुवार को उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में तेज बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक प्रदर्शन में डटे रहे।
प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर धर्मपुर क्षेत्र की सड़कों, नालियों और जल निकासी व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि अधिकांश सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई इलाकों में सड़क और नाली का अंतर खत्म हो गया है, जिससे आम लोगों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि सात-आठ माह पहले भी इन्हीं समस्याओं को लेकर विभाग को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि इस बार भी विभाग केवल आश्वासन तक सीमित रहा तो महिला कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “कमीशनखोरी बंद करो”, “PWD होश में आओ”, “धर्मपुर की गड्ढों वाली सड़कों का हिसाब दो” जैसे नारों के साथ सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
अधिशासी अभियंता ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित सड़कों की मरम्मत, गड्ढे भरने और जल निकासी व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में पार्षद आयुष गुप्ता, मुकिम अहमद, वीरेंद्र पंवार, हेमंत उप्रेती, फारूक राव, जमाल खान, प्रियांशु गौड़, विकास यादव, अनिता सकलानी, रजनी जुयाल, चंदा ध्यानी, हेमा जुयाल सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
बारिश में गरजा जनाक्रोश! धर्मपुर की बदहाल सड़कों पर महिला कांग्रेस का PWD दफ्तर घेराव
ज्योति रौतेला बोलीं— 8 महीने पहले भी दिया था ज्ञापन, अब भी नहीं सुधरी सड़कें; चेतावनी- कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
8
