देहरादून, 30 जुलाई। स्वतंत्रता दिवस को इस वर्ष देहरादून में पूरे उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मुख्य समारोह परेड ग्राउंड में होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और पीआरडी की टुकड़ियां आकर्षक परेड कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभाजन पीड़ितों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही विभाजन की त्रासदी पर आधारित प्रदर्शनी लगाकर नई पीढ़ी को इतिहास से रूबरू कराया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने 14 अगस्त की शाम शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों के प्रसारण, सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाने, शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध व खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा ‘हर घर तिरंगा’, तिरंगा यात्रा, साइकिल रैली और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। नगर निगम को शहर में विशेष स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूरे स्वतंत्रता दिवस समारोह को प्लास्टिक मुक्त रखा जाएगा।
15 अगस्त पर देशभक्ति के रंग में रंगेगा दून, परेड ग्राउंड में सीएम धामी फहराएंगे तिरंगा
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का भव्य आयोजन, ‘हर घर तिरंगा’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप
10
