हमारी चौपाल
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के व्यावसायिक प्रकोष्ठ को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में प्रदेश संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने प्रदेश सह-संयोजकों को विभिन्न संगठनात्मक जिलों का दायित्व सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मार्गदर्शन एवं प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानन्द जोशी की सहमति से प्रदेश सह-संयोजकों को अलग-अलग संगठनात्मक जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें संबंधित जिला संयोजकों एवं सह-संयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार करने तथा निर्धारित समयसीमा में संगठनात्मक गतिविधियों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
आवंटन के तहत लच्छू गुप्ता को टिहरी, देहरादून ग्रामीण, पिथौरागढ़, चम्पावत और रुड़की, पवन सैनी को उत्तरकाशी, ऋषिकेश, हरिद्वार और कोटद्वार, अतुल शाह को चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पौड़ी, प्रशांत वर्मा को नैनीताल, काशीपुर, ऊधमसिंहनगर, अल्मोड़ा और रानीखेत, जबकि सौरभ भूषण शर्मा स्वयं देहरादून महानगर, चमोली और नैनीताल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
निर्देशों में कहा गया है कि कार्यशालाओं एवं संगठनात्मक बैठकों में लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बैठकों में अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें पुनः संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जाए तथा सभी कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट समय पर प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
प्रदेश संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी सामूहिक प्रयास, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ व्यावसायिक प्रकोष्ठ को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
