हमारी चौपाल
अनुराग गुप्ता
देहरादून, 18 जुलाई। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए जीएमएस रोड स्थित व्योमप्रस्थ कॉलोनी और धारकोट रोड, कण्डोगल में दो निर्माणों को सील कर दिया। एक निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया जा रहा था, जबकि दूसरा बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के व्यवसायिक निर्माण पाया गया।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने व्योमप्रस्थ कॉलोनी में संगीता गोयल और प्रवीन कुमार गर्ग के बहुमंजिला निर्माण को नियमों के उल्लंघन पर सील किया। वहीं कण्डोगल क्षेत्र में उमेद अली द्वारा बिना स्वीकृति कराए जा रहे व्यवसायिक निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। शहर के सुनियोजित विकास से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा और बिना स्वीकृति निर्माण या भूमि विकास करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी भूखंड में निवेश या निर्माण शुरू करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
