हमारी चौपाल
देहरादून, 16 जुलाई। लोकपर्व हरेला के अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार के नगर वन, देवपुरा में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण का संदेश देने वाला लोकपर्व है।
महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और उत्तराखंड की हरेला परंपरा के माध्यम से राज्य को अधिक हरित और समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक परिवार हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले। उनका कहना था कि वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य, स्वच्छ पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देकर ही हरित, स्वच्छ और समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविन्द्रपुरी, गढ़वाल आयुक्त आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, डीएफओ अनिरुद्ध सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
