Hamarichoupal,20,06,2056
देहरादून, 20 जून। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाबौं, चाकीसैण और थलीसैण में हैलीपैड निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इन हैलीपैडों के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन, साहसिक खेलों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही पैठाणी स्थित राहू मंदिर को विशेष पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा।
यह जानकारी प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने आवास पर पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) तथा नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की संयुक्त समीक्षा बैठक में दी।
बैठक में डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में संचालित सभी पर्यटन एवं विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने पाबौं, चाकीसैण और थलीसैण में प्रस्तावित हैलीपैडों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
उन्होंने बताया कि पाबौं हैलीपैड तक पहुंच मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण भी कराया जाएगा। इन हैलीपैडों के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी, संपर्क सुविधाएं बेहतर होंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
डॉ. रावत ने पैठाणी स्थित प्रसिद्ध राहू मंदिर के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि मंदिर को विशेष पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने मंदिर परिसर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा प्रस्तावित पार्किंग निर्माण के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में ‘श्रीनगर-खिर्सू-पौड़ी पर्यटन सर्किट’ के अंतर्गत कमलेश्वर महादेव मंदिर, धारी देवी मंदिर, राजराजेश्वरी मंदिर, खिर्सू और कंडोलिया महादेव मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा।
अधिकारियों ने बताया कि पाबौं और चाकीसैण हैलीपैड का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है, जबकि थलीसैण हैलीपैड का सर्वेक्षण 25 जून से शुरू किया जाएगा। वहीं देवलगढ़, कमलेश्वर और खिर्सू में पर्यटन सर्किट से जुड़े निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। राहू मंदिर से संबंधित पार्किंग एवं अन्य विकास कार्यों की डीपीआर भी शीघ्र शासन को भेजी जाएगी।
बैठक में उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड के निदेशक (अवस्थापना) दीपक खंडूरी, जीएमवीएन की महाप्रबंधक कुसुम चौहान, उप सचिव नागरिक उड्डयन हंस सागर, यूकाडा के विभागाध्यक्ष अमित शर्मा, हरीश चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे तीन नए हैलीपैड, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
