Hamarichoupal,15,06,2026
देहरादून, 15 जून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) कार्यालय परिसर में सोमवार को कैलाशी देवी वेलफेयर सोसायटी एवं मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एमडीडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान लगभग 40 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में सहायता मिल सकती है। ऐसे में शिविर के माध्यम से कई मरीजों को जीवनदान देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। रक्तदाताओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए गए।
रक्तदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और भविष्य में भी वे ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएंगे। शिविर के सफल आयोजन के लिए कैलाशी देवी वेलफेयर सोसायटी तथा स्वास्थ्य टीम का आभार व्यक्त किया गया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध होना उसके लिए नया जीवन साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि एमडीडीए केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिसके माध्यम से किसी अजनबी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ने सामाजिक सेवा और जनकल्याण के प्रति एमडीडीए की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
