अनुराग गुप्ता
विकासनगर। बैरागीवाला गांव में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले को लेकर रविवार को ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना से नाराज लोगों ने विकासनगर क्षेत्र में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हत्या की घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल कुछ आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे परिवार और गांव के लोगों में रोष व्याप्त है।
सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि शनिवार को बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई थी, जबकि उसके दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में तीन नामजद सहित 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
