Hamarichoupal,08,06,2026
Anurag gupta
देहरादून, 8 जून। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप ने सोमवार को पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद में घटित अपराधों, उनके अनावरण तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की सर्किलवार समीक्षा की गई।
आईजी गढ़वाल ने लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र खुलासे और विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल के थानों की नियमित समीक्षा कर विवेचनाओं की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। साथ ही मुख्यालय और रेंज स्तर से चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आईजी ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव तथा ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में इनामी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ की समीक्षा करते हुए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश देते हुए किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, फड़-ठेली संचालकों तथा बागानों में कार्यरत मजदूरों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 49 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आईजी गढ़वाल ने उनसे भविष्य में भी पूर्ण निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते रहने की अपेक्षा व्यक्त की।
