Hamarichoupal,03,06,2026
देहरादून, 3 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना को गति देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने सख्त कार्ययोजना तैयार की है। बुधवार को एमडीडीए सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सभी विभागों को जून 2026 तक लंबित कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभावित परिसंपत्तियों की लंबित रजिस्ट्रियों को प्राथमिकता से निस्तारित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए प्रत्येक बुधवार और शनिवार को विशेष रजिस्ट्री कार्य संपादित किए जाएंगे। साथ ही परियोजना से जुड़े निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं।
उपाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान आढ़त बाजार क्षेत्र में विद्युत लाइनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के स्थानांतरण के लिए स्वीकृत लगभग 18 करोड़ रुपये की धनराशि शीघ्र लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी, जिससे तकनीकी कार्यों में तेजी आएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन प्रभावितों ने प्रतिकर राशि प्राप्त कर ली है, लेकिन अब तक कब्जा नहीं छोड़ा है, उनके मामलों का स्वयं निरीक्षण किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार बलपूर्वक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
समीक्षा के दौरान आलयम आवासीय योजना की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शेष निर्माण कार्य जून माह तक पूर्ण कर पात्र लाभार्थियों को शीघ्र आवासों का कब्जा दिया जाए।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना देहरादून की व्यापारिक और शहरी संरचना को नई पहचान देने वाली योजना है। इसके पूर्ण होने से व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और राजधानी के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित
