विकासनगर,01,06,2026
विकासनगर से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नए हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हिंदूवाला गांव के पास हुई इस दुर्घटना में तीन वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक वाहन सड़क किनारे से नीचे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति बन गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
विकासनगर क्षेत्र के हिंदूवाला गांव स्थित नए हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जैन कार चालक ने अचानक सहसपुर की ओर से आते हुए वाहन को रॉन्ग साइड हिंदूवाला गांव की तरफ मोड़ दिया। अचानक हुए इस मोड़ के कारण सामने से देहरादून की ओर से आ रही एक एक्सयूवी वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया।
हादसे से बचने के प्रयास में एक्सयूवी सड़क किनारे खड़ी दूसरी गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क किनारे खड़ा वाहन नीचे नाले में जा गिरा। देखते ही देखते तीन वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई और हाईवे पर जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सभावाला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ राहत कार्य शुरू किया। एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया ताकि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था और टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। हालांकि गनीमत रही कि किसी भी वाहन सवार को गंभीर चोटें नहीं आईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर यातायात नियमों के पालन और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।
हिंदूवाला हाईवे पर हुए इस हादसे में भले ही कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना साफ संकेत देती है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
