Hamarichoupal,30,05,2026
देहरादून, 30 मई। जनपद देहरादून में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर जनपद के सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी और सघन निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार जनपद में विभिन्न तेल कंपनियों के कुल 167 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के 72, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के 34, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 41, नायरा के 10 तथा रिलायंस के 10 पेट्रोल पंप शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों से प्रतिदिन ईंधन भंडारण की जानकारी प्राप्त की जा रही है। 29 मई 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद के पेट्रोल पंपों पर 2526 किलोलीटर पेट्रोल तथा 2074 किलोलीटर डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है तथा कहीं से भी आपूर्ति प्रभावित होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सामान्य है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
