Hamarichoupal
देहरादून, 30 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर नैनीताल जिले की प्रमुख झीलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल तथा अन्य विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
सचिव ने बताया कि भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इसके तहत झील किनारे पैदल मार्ग, बोटिंग डॉक, पार्कों का पुनर्विकास, पार्किंग व्यवस्था, सोलर स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
वहीं नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 20.97 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्तावित है, जिसमें बोटिंग स्टैंड, फ्लोटिंग जेट्टी, पैदल मार्ग, व्यूपॉइंट, पार्किंग, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कमलताल क्षेत्र में ओपन शॉपिंग प्लाजा, पैदल पुल, पार्किंग और सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से इसे प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने भवाली स्थित मल्टीलेवल पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का भी जायजा लिया। करीब 96 प्रतिशत पूर्ण हो चुके इस प्रोजेक्ट में 124 वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी तथा लगभग 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है।
इसके अलावा नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से सरोवर पार्किंग तथा 30.43 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है, जिससे शहर की पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. राजेश कुमार ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, झीलों का संरक्षण सुनिश्चित होगा और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
