HamarChoupal
देहरादून 30 मई विकसित भारत 2047 में उच्च शिक्षा की भूमिका विषय पर शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में भव्य अकादमिक कॉन्क्लेव आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना अब सरकार का नहीं, 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प बन गया है। उन्होंने बिहार को ज्ञान और उत्तराखंड को ज्ञान एवं अध्यात्म का संगम बताया। सीएम धामी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संवेदनशील नेतृत्व से प्रदेश को नई दिशा दी है। नड्डा ने कहा कि भारत कोविड में दुनिया को अपनी क्षमता दिखा चुका है। आज देश सेमीकंडक्टर हब बन रहा है और स्टार्टअप संस्कृति युवाओं को नई पहचान दे रही है। उन्होंने जेन-ज़ी पीढ़ी से नवाचार और राजनीति में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, होमस्टे नीति और समान नागरिक संहिता की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। विकसित भारत का सपना अब हर भारतीय का सपना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को कौशल विकास, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ना जरूरी है। नई शिक्षा नीति प्राचीन ज्ञान परंपरा और आधुनिक जरूरतों के बीच सेतु है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश में पूर्ण साक्षरता, बिजली-पानी-सड़क की दिशा में अभूतपूर्व काम हुआ है। आयुष्मान योजना से लाखों को लाभ मिला है। 1700 भिक्षावृत्ति करने वाले बच्चों को छात्रावासों में शिक्षा दी जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विकसित भारत का अर्थ गरीबी मुक्त, उत्कृष्ट आधारभूत ढांचे वाला और नवाचार में अग्रणी भारत है। पर्यटन, जैविक कृषि और डिजिटल सेवाओं में उत्तराखंड आदर्श राज्य बन सकता है। आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा ने कहा कि नवाचार की संस्कृति स्कूल स्तर से विकसित करनी होगी। यूटीयू की कुलपति प्रो. त्रिप्ता ठाकुर ने तकनीक आधारित शिक्षा पर जोर दिया। एचएनबी गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति राष्ट्र प्रथम की भावना पर आधारित है। कॉन्क्लेव में सहमति बनी कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य शिक्षा जगत, उद्योग और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही पूरा होगा। कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, मुन्ना सिंह चौहान, सविता कपूर, शिवालिक समूह के चेयरमैन सुनील कुमार, वाइस चेयरमैन अजय कुमार, डॉ. दुर्गेश पंत, प्रो. सुरेखा डंगवाल सहित कई शिक्षाविद् और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
