Hamarichoupal,29,05,2026
Anurag Gupta
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिशन पर्यावरण’ और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ग्रीन उत्तराखंड’ विजन को जमीन पर उतारते हुए सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने शुक्रवार को मिसाल पेश की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई सांगठनिक बैठक में शामिल होने के लिए विधायक ने अपनी लग्जरी गाड़ियां छोड़कर इलेक्ट्रिक स्कूटी से देहरादून का सफर तय किया।
शुक्रवार सुबह विधायक पुंडीर सुद्धोवाला स्थित अपने आवास से इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाकर बैठक के लिए रवाना हुए। बढ़ते वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच उनके इस कदम की स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों ने सराहना की है।
लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के ऐसे व्यावहारिक कदम समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं। हालांकि कुछ लोगों ने इसे प्रतीकात्मक कदम भी बताया, लेकिन अधिकांश ने माना कि बड़े पदों पर बैठे लोगों की यह पहल आम नागरिकों को भी प्रेरित करेगी।
इस बारे में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा, _”प्रधानमंत्री का मिशन पर्यावरण और मुख्यमंत्री जी का ग्रीन उत्तराखंड का सपना तभी पूरा होगा जब हम सब अपनी आदतें बदलेंगे। छोटी दूरी के लिए इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल करके हम प्रदूषण भी कम कर सकते हैं और खर्च भी बचा सकते हैं। अगर मैं विधायक होकर यह कर सकता हूं तो हर नागरिक कर सकता है।”_
गौरतलब है कि राज्य सरकार लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन घटाने पर जोर दे रही है। ऐसे में विधायक का यह कदम सरकारी नीतियों को जमीनी समर्थन देने वाला माना जा रहा है।
