देहरादून(आएएनएस)। 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा टोल मुक्त रहेगा जबकि मोहंड के समीप आशा रोड़ी बैरियर भी खुला रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे के मद्देनजर डीएम सविन बंसल ने शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए यह निर्णय लिया है।इस अवधि में फास्ट टैग से भी किसी प्रकार का कोई टोल नहीं वसूला जाएगा। देहरादून- दिल्ली एक्सप्रेस वे के लोकार्पण एवं जसवंत सिंह ग्राउंड गढ़ी कैंट परिसर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों के प्रतिभाग करने की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने में जुटा है। इस दौरान अधिक संख्या में वाहन शहर में आएंगे जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में जिलाधिकारी सविन बंसल ने लच्छीवाला टोल प्लाजा को 14 अप्रैल को प्रातः 5:00 बजे से सांय 8:00 बजे तक खुला रखने के आदेश दिए हैं । इस दौरान किसी भी निजी, कमर्शियल व अन्य वाहनों का टोल टैक्स नहीं काटा जाएगा। मंगलवार प्रातः 05 बजे से लेकर शाम 08 बजे तक टोल प्लाजा से वाहनों का नि:शुल्क आवागमन रहेगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किए।—मुख्यसचिव व डीजीपी ने परखी तैयारियांदेहरादून(आएएनएस)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को लेकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य सचिव एवं डीजीपी ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक तैयारियों को परखा। मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को पीएम दौरे के दौरान सुचारू रूप से संचालित किए जाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार किए जाने की बात कही। मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के बनने से एक ओर दिल्ली – एनसीआर से देहरादून पहुंचने का समय कम होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। चारधाम यात्रा के लिए कनेक्टिविटी में सुधार होगा। दूसरी ओर इससे आर्थिक गतिविधियों को भी बूस्ट मिलेगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डीएम सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल एवं नगर आयुक्त नमामी बंसल आदि उपस्थित थे।
देहरादून : 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा रहेगा टोल मुक्त
10
