HamariChoupal,20,03,2026
आईजी कुमायूँ ने पुलिस बल को किया विस्तृत ब्रीफ, एटीएस सहित बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध लागू
हल्द्वानी : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित नैनीताल भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत कुमायूँ परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक एवं बहु-स्तरीय तैयारियाँ की गई हैं। वीवीआईपी भ्रमण के साथ-साथ ईद पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है, जिसके लिए सभी संबंधित इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इसी क्रम में रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ द्वारा ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस बल को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित वर्दी में ही ड्यूटी करेंगे तथा वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता, संयम एवं प्रोफेशनल व्यवहार का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
आईजी कुमायूँ ने बताया कि जनपद नैनीताल द्वारा मांगे गए पुलिस बल की पूर्ण उपलब्धता पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर से सुनिश्चित कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए उत्तराखण्ड एटीएस (Anti Terrorist Squad) को भी तैनात किया गया है, जिससे किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इस अवसर पर डॉ. नीलेश आनन्द आईजी ,एसटीएफ भरणे ने अपने संबोधन में कहा कि वीवीआईपी भ्रमण के दृष्टिगत सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा एसटीएफ द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने सभी इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान को आवश्यक बताया।
