रुड़की,23,02,2026
रुड़की(आरएनएस)। शिक्षा निदेशक से हुई अभद्रता ने अब तूल पकड़ लिया है। शिक्षा निदेशक के साथ विधायक समर्थकों द्वारा की गई मारपीट की घटना से शिक्षकों में भारी रोष है। सोमवार को रुड़की ब्लॉक के तमाम स्कूलों में शिक्षकों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर न केवल अपना विरोध दर्ज कराया, बल्कि सरकार और प्रशासन को चेतावनी भी दी कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सोमवार सुबह जैसे ही स्कूल खुले, शिक्षकों का गुस्सा साफ नजर आया। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षक-शिक्षिकाएं अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर कक्षाओं में पहुंचे। हालांकि, शिक्षकों ने छात्रों की पढ़ाई का नुकसान न हो, इसका पूरा ध्यान रखा और काली पट्टी पहनकर ही शिक्षण कार्य संपन्न कराया।
