Monday , May 20 2024

वर्ष 2024 तक देश के हर घर में होगा नल का जल

सुदेसना नेगी

 

चण्डीगढ़। केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरिंग राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ साल के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। इस दौरान भारत व भारतीयों का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 तक कोई घर ऐसा नहीं बचेगा, जहां नल से जल न मिलता हो।

डॉ. बालियान आज हिसार जिले के बरवाला में ‘गौरवशाली भारत रैली’ को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सकारात्मक नीतियों की वजह से किसान आर्थिक रूप से सम्पन्न हुआ है। किसानों को दिक्कत तब आती है जब उसके उत्पाद न बिके और उन्हें पूरा भाव न मिलें लेकिन केन्द्र की मोदी व हरियाणा की मनोहर लाल सरकार ने इन दोनों समस्याओं का समाधान कर दिया। उन्होंने हरियाणा को हर क्षेत्र में सम्पन्न प्रदेश बताते हुए कहा कि दूसरे राज्यों के किसान भी अपने उत्पाद बेचने के लिए हरियाणा में आते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश को हर क्षेत्र में मजबूती दी है और उसी का परिणाम है कि आज हमारा देश विश्व की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसान आंदोलन या अन्य किसी आंदोलन के नाम पर हरियाणा में राजनीति की जा रही हैं। ऐसे लोग आपका भाईचारा खराब करना चाहते हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे आगामी वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में जनता केंद्र सरकार की नीतियों पर मोहर लगाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार की नीतियों की बदौलत ही हर घर नल, हर घर रसोई गैस सिलेंडर सहित हर सुविधा पहुंची है। धारा 370, 15ए समाप्त करना व राम मंदिर निर्माण अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हम बचपन में केवल राम मंदिर बनाने के नारे लगाते थे लेकिन आज हम अपने नारों को साकार होते देख रहे हैं।

हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिसार लोकसभा किसानों का क्षेत्र है। भाजपा सरकार ने कृषि के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। केसीसी बनाना, सॉइलहेल्थ कार्ड बनाना, खाद उपलब्ध कराना, किसानों के लिए और फसल के लिए बीमा योजनाएं और सबसे अच्छा एमएसपी देना जैसा काम हरियाणा सरकार ने देश में शानदार तरीके से किया है और हरियाणा सरकार कृषि के हर मामले में देश में अव्वल है।

रैली के संयोजक एवं हिसार के सांसद बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार की नौ साल की उपलब्धियों को लोगों तक सीधे पहुंचाना हमारा लक्ष्य है और इस कार्यक्रम के जरिए हमने इस लक्ष्य को पूरा करने में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र की रैलियों की कड़ी में सिरसा से इस कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्रीय गृह मंत्री ने बेहतरीन रूप से किया और आज हिसार की धरती पर यह समापन कार्यक्रम भी बेहद शानदार है भव्य है। भारत एक मजबूत देश के तौर पर उभरा है और यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक इच्छाशक्ति से संभव हुआ है। पिछले तीन साल से जहां पूरी दुनिया महंगाई से त्रस्त है वहीं भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होती जा रही है और दुनिया-भारत के नेतृत्व को मान रही है। उन्होंने भारी संख्या में रैली में पहुंचकर इसे सफल बनाने पर हिसार लोकसभा क्षेत्र की जनता व कार्यक्रम में पहुंचने पर वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेन्द्र सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के हाथों ही देश के हित सुरक्षित है। ऐसे में जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन दें।

रैली में मंत्री डॉ. बनवारी लाल, मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, सांसद बृजेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. डीपी वत्स, विधायक मोहनलाल बड़ौली, विधायक विनोद भ्याणा, विधायक बिशम्बर वाल्मीकि, मेयर गौतम सरदाना, पूर्व विधायक प्रेमलता, भाजपा जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र, वीरचक्र, भिवानी जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़, जींद जिला अध्यक्ष राजू मोर, जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग, गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

About admin

Check Also

बाइक रैली आयोजित कर पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया।

देहरादून – 19 मई 2024- कावासाकी देहरादून एवं तमतारा कैफे की ओर से पर्यावरण बचाओ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *