Sunday , May 5 2024

हिमाचल : बारिश के कारण ऊपरी शिमला से चार दिन में 10 हजार पेटी तक घट गई सेब की आमद

शिमला,Hamarichoupal,02,08,2022

बारिश के कारण ऊपरी शिमला में संपर्क सड़कें बंद होने से मंडियों में सेब की सप्लाई घट गई है। बीते चार दिन के भीतर शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी में 10 हजार पेटी तक सेब की सप्लाई घटी है। भारी बारिश के कारण बागवान सेब तुड़ान भी नहीं कर पा रहे, जिससे मंडियों में सेब कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी में पिछले हफ्ते जहां रोजाना 31 हजार पेटी सेब पहुंच रहा था अब घट कर 20 से 21 हजार पेटी रह गई है। ठियोग, कुमारसैन, कोटखाई जुब्बल, चौपाल नेरवा में संपर्क सड़कें बंद होने से सेब की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
कुमारसैन की कांगल पंचायत की बरथानी, कचीनघाटी, नारकंडा, ठियोग की धमांदरी जैस, बलग दघाली, छैला जराई सहित कोटखाई और चौपाल के सेब उत्पादक क्षेत्रों की संपर्क सड़कें बंद होने से सेब की सप्लाई घटी है। सड़क में कलवर्ट न होने के कारण बारिश के पानी से ओडी-कोटगढ़ सड़क का डंगा ढह गया है। आधी सड़क ढहने से यातायात पूरी तरह बंद होने के कारण बागवानों का सेब फंस गया है। बारिश के कारण बागवानों ने सेब का तुड़ान भी कम कर दिया है। सेब की सप्लाई घटने से खरीददार गाड़ी तैयार नहीं कर पा रहे।
पिछले हफ्ते जहां हर खरीददार पूरी गाड़ी माल खरीद रहा था इन दिनों आधी गाड़ी ही तैयार हो रही है जिस कारण दो दिन के लिए माल रोकना पड़ रहा है। ऐसा करने से माल की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। ठियोग कुमारसैन विधानसभा क्षेत्र से विधायक राकेश सिंघा ने बताया कि उनके क्षेत्र की करीब 10 से 15 सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हो गई हैं जिसके कारण सेब की गाड़ियां मंडियाें तक नहीं पहुंच पा रही। प्रशासन से सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करवाने का आग्रह किया है।

सेब की आमद घटने से कारोबार प्रभावित : अमन

बारिश के कारण सेब का तुड़ान प्रभावित होने और लिंक रोड बंद होने से मंडी में सेब की सप्लाई में भारी कमी आई है। चार दिन पहले तक रोजाना 30 से 32 हजार पेटी सेब मंडी पहुंच रहा था, सोमवार को करीब 20 हजार पेटी सेब ही मंडी पहुंचा है। सेब की आमद घटने से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।- अमन सूद, उपाध्यक्ष आढ़ती एसोसियेशन भट्ठाकुफर फल मंडी

About admin

Check Also

मनोरंजन : गणपत का ट्रेलर जारी, जबरदस्त एक्शन करते हुए नजर आए टाइगर श्रॉफ और कृति सैनन

HamariChoupal टाइगर श्रॉफ अपनी फिल्म गणपत को लेकर पिछले काफी समय से चर्चा में बने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *