Hamarichoupal,11,02,2026
देहरादून। शहर की व्यस्त तिब्बती मार्केट में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगते ही युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस वारदात से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
यह घटना कोतवाली डालनवाला क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक स्कूटी पर सवार होकर बाजार में पहुंचे और उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाके में युवक पर फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में घटित हो गई, जिससे लोग संभल भी नहीं पाए।
सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा के दृष्टिगत बाजार क्षेत्र को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर के प्रमुख चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा
