हल्द्वानी(आरएनएस)। हल्द्वानी वन प्रभाग के निर्देशन में गुरुवार को महिला फील्ड कर्मचारियों को आत्मरक्षा एवं कार्यस्थल पर व्यक्तिगत सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। पूर्णागिरि सभागार में हुई कार्यशाला का उद्देश्य महिला कर्मियों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना रहा, ताकि वे विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा कर सकें। पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक और सुनीता सीपाल के साथ वन विभाग की जूजित्सु खिलाड़ी व वन दरोगा नव्या पाण्डेय ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने महिला कर्मियों को आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों का अभ्यास कराया, जिसमें पकड़ से छूटना, संतुलन बनाए रखना और खतरे की स्थिति में त्वरित व सही प्रतिक्रिया देना शामिल रहा। यहां पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं, कानूनी प्रक्रिया और साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को मानसिक रूप से सजग रहने, आत्मविश्वास बढ़ाने और संभावित खतरों की पहचान करने के तरीके भी समझाए गए। कार्यशाला में प्रतिभागियों को उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत सहायता ले सकें।
महिला वन कर्मियों को मिला ‘सेल्फ डिफेंस’ का मंत्र
4
previous post
