रुद्रपुर,12,12,2025
रुद्रपुर(आरएनएस)। वन विभाग की टीम पर फायरिंग कर वनकर्मी को गंभीर रूप से घायल करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने एक वर्ष बाद दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को सीलमपुर क्षेत्र से दबोचकर अदालत में पेश किया। मामले के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व ग्राम कैथुलिया में अमरीक सिंह के घर पर अवैध रूप से एकत्र खैर की लकड़ी को यूपी से आई पिकअप में लोड किया जा रहा था। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो अमरीक सिंह पुत्र मान सिंह, चरनजीत सिंह, बलजीत सिंह पुत्र अमरीक सिंह व भगत सिंह पुत्र संता सिंह, जसपाल सिंह उर्फ टिक्कू पुत्र संता सिंह, चरनजीत सिंह उर्फ चन्ना पुत्र मलकीत सिंह निवासी ग्राम टुकड़ी, मलकीत सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र गुरमीत सिंह निवासी ग्राम ध्यानपुर तथा पिकअप चालक अरशद पुत्र अखलाकउद्दीन निवासी उझारी (थाना सैदनगली, जिला अमरोहा) ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान जसपाल सिंह ने वनकर्मी जितेंद्र सिंह पर अवैध तमंचे से फायर कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। प्रकरण में भूपाल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी जसपाल सिंह को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि पिकअप चालक अरशद एक वर्ष से लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। एसओ उमेश कुमार ने बताया कि नानकमत्ता पुलिस टीम ने अरशद को दिल्ली के सीलमपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी टीम में एसआई संजय कुमार, एसआई मनोज जोशी, नवनीत कुमार, प्रकाश आर्या और एसओजी के भूपेंद्र आर्य शामिल रहे।
