रुड़की,12,03,2026
रुड़की(आरएनएस)। थाना भगवानपुर क्षेत्र के टकाभरी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारात के वाहन की चपेट में आने से नौ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार टकाभरी गांव में लक्सर के भारूवाला गांव से एक बारात आई हुई थी। बारात के वापस लौटने के दौरान गांव का नौ वर्षीय बालक विशू अचानक बारात में शामिल एक वाहन की चपेट में आ गया। इससे बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायल बच्चे को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।
