HamariChoupal,24,07,2025
देहरादून( हमारी चौपाल)उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान गुरुवार को हरिद्वार को छोड़कर सभी जनपदों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान करीब 26 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 17,829 प्रत्याशियों के भाग्य को मतपेटी में कैद किया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक प्रदेश में औसतन 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो लोकतंत्र के प्रति जनता के उत्साह को दर्शाता है।
इस चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य के 948 पदों के लिए 2,247 प्रत्याशी, ग्राम प्रधान के 3,393 पदों के लिए 9,731 प्रत्याशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1,507 पदों के लिए 4,980 प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य के 201 पदों के लिए 871 प्रत्याशी मैदान में थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और प्रत्येक वोट उत्तराखंड के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनकी इस अपील का सकारात्मक असर देखने को मिला, जिसके परिणामस्वरूप मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। विशेष रूप से युवा, महिला और वरिष्ठ मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया।
पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन पुलिस विभाग द्वारा अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी, जिससे मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। राज्य निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की थी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को लागू करने का आधार है। मतदाताओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करती है। इस प्रथम चरण के मतदान ने उत्तराखंड की जनता के लोकतांत्रिक दायित्व को रेखांकित किया है। अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जो प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला करेगी।