देहरादून(आरएनएस)। मसूरी के शहीद स्थल पर आज रेहड़ी-पटरी कमजोर वर्ग कल्याण समिति द्वारा शासन-प्रशासन, नगर पालिका अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि के लिए “बुद्धि शुद्धि यज्ञ” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान देहरादून से उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी तथा केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रमिला रावत भी शहीद स्थल पहुंचीं और हवन में आहुति दी। इस मौके पर उक्रांद नेताओं ने शासन-प्रशासन और नगर पालिका को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रेहड़ी-पटरी से जुड़े गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
नेताओं ने आरोप लगाया कि पहले गरीबों के घर उजाड़े गए और अब उनके रोजगार पर संकट खड़ा कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने सरकार और मंत्री गणेश जोशी पर क्षेत्र के मूल निवासियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप भी लगाया।
उक्रांद महिला प्रकोष्ठ ने कहा कि शहर का समुचित विकास तभी संभव है, जब गरीब और कमजोर वर्ग की आवाज को सुना जाए। उन्होंने पटरी व्यापारियों को आश्वस्त किया कि यदि शीघ्र कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन करेंगे और उनके अधिकारों की लड़ाई को तेज करेंगे।
उक्रांद महिला प्रकोष्ठ ने पटरी व्यापारियों की आवाज उठाई, उग्र आंदोलन की चेतावनी
2
