Hamarichoupal,14,03,2026
बागेश्वर/रामनगर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा कपकोट क्षेत्र में रिखाड़ी–पतियासार मार्ग पर उस समय हुआ जब एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो (UK 02 TA 3078) में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। इनमें पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। बताया जा रहा है कि वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया।
बाद में एसडीआरएफ के जवानों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मृतकों के शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक का माहौल है। कपकोट पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है
