Hamarichoupal,11,06,2026
Anurag Gupta
देहरादून, 11 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सेलाकुई पुलिस ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का भय दिखाकर लोगों को ठगने वाले एक कथित बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी में प्राप्त लगभग 15 तोला सोना तथा 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सेलाकुई निवासी महिला ओशीन गुरंग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महंत राहुल थापा ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट होने का डर दिखाकर पूजा-अनुष्ठान के नाम पर उसके और उसकी मां के करीब 65 तोला सोने के आभूषण हड़प लिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया।
पूछताछ में आरोपी राहुल थापा (34) निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई ने खुलासा किया कि वह लोगों के घरों के बाहर रात में जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता था और अगले दिन उन्हें फोन कर अनिष्ट का भय दिखाता था। इसके बाद पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।
महिला के मामले में आरोपी ने पहले घर के बाहर काले कपड़े में बंधी पोटली फेंकी और फिर अनुष्ठान के दौरान आभूषणों को संदूक में रखने के बहाने गायब कर दिया। बाद में उसने आभूषणों को गलाकर सोने का बिस्कुटनुमा बार बना लिया और कुछ आभूषण बेच दिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 150 ग्राम वजनी सोने का बार तथा 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपी का पुलिस रिमांड लिया जाएगा। साथ ही उसके अन्य संभावित मामलों और सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।
बरामदगी
150 ग्राम सोने का बिस्कुटनुमा बार
5 लाख रुपये नकद
गिरफ्तार आरोपी
राहुल थापा (34 वर्ष), निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई, देहरादून।
