Hamarichoupal,04,06,2026
देहरादून, 4 जून। दून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सेलाकुई क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया इंडेन गैस सिलेंडर और इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा बरामद किया है।
थाना सेलाकुई में जमनपुर निवासी शशी पठानिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की रसोई से गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा चोरी हो गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी जब्बार (42) निवासी जमनपुर को इंटास कंपनी के पास डिक्सन ग्राउंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी सेलाकुई थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट समेत लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी:
01 भरा हुआ इंडेन गैस सिलेंडर
01 इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उम्मेद असवाल, कांस्टेबल सोहन एवं कांस्टेबल सुधीर कुमार शामिल रहे।
