Hamarichoupal,31,05,2026
विकासनगर, 31 मई। सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने रविवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 136 पर राजेन्द्र चौहान के आवास में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना।
इस अवसर पर विधायक पुण्डीर ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरक कहानियों को जन-जन तक पहुंचाकर सकारात्मक सोच और जनभागीदारी को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, नवाचार, युवाओं की भूमिका तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए, जो समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विधायक पुण्डीर ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।
कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष हिमांशु जखमोला, बूथ अध्यक्ष अमरनाथ, निर्मला बाफिला, राजेंद्र कार्की, लक्ष्मी धपोला, मनोज भट्ट, भगत सिंह, गोपाल सिंह चौहान, सचिन धपोला सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
