HamariChoupal,11,02,2026
देहरादून (आरएनएस)। राजधानी देहरादून में बीते कुछ दिनों के भीतर हुई पांच सनसनीखेज हत्याओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े बाजारों और रिहायशी इलाकों में हुई वारदातों से लोगों में भय का माहौल है। आम आदमी के जेहन में अब यही सवाल उठ रहा है कि क्या देहरादून रहने लायक रह गया है या नहीं। वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है । राजधानी देहरादून का जब ये हाल है तो अन्य जिलों का क्या हाल होगा।
बताते चलें कि पिछले दिनों शहर के व्यस्त पलटन बाजार में एक युवती की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले से युवती को परेशान कर रहा था और शिकायत के बावजूद समय पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई। आज परेड ग्राउंड के पास तिब्बती मार्केट में स्कूटी सवार बदमाशों ने एक गैस एजेंसी संचालक को गोली मार दी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से व्यापारियों में दहशत है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर हैं।
इससे पूर्व विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा का शव संदिग्ध हालात में मिला। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर एक करीबी रिश्तेदार पर संदेह जताया है। घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर सवाल फिर उठ खड़े हुए हैं।
इसी तरह से ऋषिकेश के शिवाजी नगर में घर के बाहर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी फरार है। पुलिस की टीमें तलाश में जुटी हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। इसी कड़ी में सेलाकुई में एक छात्र पर हुए हमले के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
लगातार हो रही हत्याओं से साफ है कि अपराधियों में कानून का भय कम हो रहा है। कई मामलों में पहले शिकायत दिए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने के आरोप लगे हैं। व्यापार मंडलों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। कभी शांत और सुरक्षित मानी जाने वाली दून अब बढ़ते अपराध से जूझ रही है। लगातार हो रही वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के अन्य जिलों का भी यहीं हाल है, पहाड़ी जिलों को एक बार छोड़ भी दें तो राज्य के मैदानी जिले हरिद्वार और उधमसिंह नगर में अपराधों का ग्राफ लगातार बड़ा हो रहा है, यहां ऐसा कोई दिन नही है जब कोई बड़ी वारदात न हो रही हो। ऐसे में आम आदमी का पुलिस से विश्वास तो उठ ही रहा है अपराधियों में भी पुलिस का खौफ समाप्त हो रहा है।
