देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंधा रोड स्थित लोअर कंडोली में देर रात तेज बरसाती बहाव ने एक क्रेटा कार को अपनी चपेट में ले लिया। कंडोली पुल के पास अचानक बढ़े पानी के तेज बहाव में क्रेटा वाहन संख्या RJ 13 CE 5641 बह गया। हादसे के वक्त वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि युवक समेत एक अन्य युवती के शव बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, देर रात कंडोली पुल के पास तेज बारिश के चलते बरसाती पानी का बहाव अचानक काफी बढ़ गया। इसी दौरान क्रेटा वाहन तेज बहाव की चपेट में आकर पानी में बह गया। घटना की सूचना मिलने पर डाकपत्थर से एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचते ही एसडीआरएफ जवानों ने बिना समय गंवाए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात का अंधेरा, लगातार बारिश और तेज पानी के बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें सामने आईं। इसके बावजूद जवानों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान टीम को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिलीं। एसडीआरएफ जवानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ टीम ने वाहन में सवार अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी जयपुर, राजस्थान तथा एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही। एसडीआरएफ ने घटनास्थल के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी सघन सर्चिंग की, ताकि वाहन में सवार सभी लोगों का पता लगाया जा सके। तेज बारिश और बरसाती पानी के खतरनाक बहाव के बीच एसडीआरएफ जवानों ने पूरी रात लगातार रेस्क्यू एवं सर्चिंग अभियान चलाया। विषम परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने घटनस्थल और उसके आसपास के संभावित क्षेत्रों में तलाश जारी रखी। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा बरामद शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन तेज बहाव की चपेट में कैसे आया, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरसात के दौरान कंडोली क्षेत्र में बरसाती पानी के तेज बहाव को देखते हुए यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय एवं बरसाती क्षेत्रों में सड़क किनारे बहने वाले नालों और पुलों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत को सामने लाता है।
कंडोली पुल के पास बरसाती नाले में बही क्रेटा, दो की मौत, युवती घायल
4
