HamariChoupal,06,02,2026
देहरादून। आगामी वनाग्नि सत्र को देखते हुए देहरादून वन प्रभाग की मल्हान रेंज में वनाग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षा एवं रोकथाम के लिए संयुक्त फायर ड्रिल अभ्यास किया गया। यह अभ्यास गुरुवार को आरक्षित वन क्षेत्र संहसरा, कक्ष संख्या-1बी स्थित 50 फुटी फायर लाइन (पीटरसन वन मोटर मार्ग) पर आयोजित हुआ।
फायर ड्रिल का आयोजन एनडीआरएफ/एनडीआईयू टीम तथा मल्हान रेंज में कार्यरत वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ टीम ने वनाग्नि की रोकथाम, सुरक्षा उपायों तथा आग पर काबू पाने में प्रयुक्त उपकरणों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
एनडीआरएफ की ओर से असिस्टेंट कमांडेंट अजय पंत, इंस्पेक्टर अमित कुमार तथा वन क्षेत्राधिकारी मल्हान रेंज अयामुद्दीन सिद्दीकी सहित मल्हान रेंज के अधिकारी-कर्मचारी एवं एनडीआरएफ के जवान मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभ्यास से वन विभाग एवं आपदा प्रतिक्रिया बल के बीच समन्वय मजबूत होता है, जिससे वनाग्नि की घटनाओं पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा
