देहरादून। उत्तराखंड के समाजसेवी एवं यूकेडी नेता गोकुल रावत ने हरिपुर स्थित मीडिया प्रभारी रेणु शर्मा के कार्यालय पहुंचकर समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में जनहित से जुड़े विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और उनकी लागत को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बातचीत के दौरान गोकुल रावत ने हरिद्वार के इंडस्ट्रीज एरिया से जुड़े एक प्रस्तावित प्रोजेक्ट का मुद्दा उठाते हुए इसकी अनुमानित लागत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस प्रोजेक्ट को करीब 60 लाख रुपये में पूरा किया जा सकता है, उसकी लागत 60 करोड़ रुपये बताए जाने की बात सामने आ रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले में लागत का स्पष्ट आकलन कराने और जनता के सामने वास्तविक स्थिति रखने की मांग की।
गोकुल रावत ने उत्तराखंड में गंगा घाटों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई ऐसे गंगा घाट हैं, जो आज भी उचित रखरखाव के अभाव में बदहाल स्थिति में हैं। उत्तराखंड में देश-विदेश से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का लगातार आवागमन होता है, ऐसे में गंगा घाटों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं पर सरकार को विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और प्रदेश की छवि भी मजबूत हो।
इस अवसर पर यूकेडी नेता गोकुल रावत, मीडिया प्रभारी रेणु शर्मा, पत्रकार रवि कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हरिद्वार के प्रोजेक्ट की लागत पर गोकुल रावत ने उठाए सवाल, गंगा घाटों की बदहाली पर सरकार से ध्यान देने की अपील
0
