देहरादून(आरएनएस)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने शनिवार को मेयर प्रत्याशी विरेंद्र पोखरियाल के समर्थन में दून के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि दून नगर निगम के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए भाजपा को इस बार प्रत्याशी बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि दून की जनता भाजपा की नीति और नियत को समझ गई है और चुनाव में इसका जवाब देने जा रही है। वार्ड 46 अधोईवाला में शहीद राजेश रावत की प्रतिमा पर माल्यापर्ण के बाद कांग्रेस नेताओं ने नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। करन माहरा ने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों ने राज्य की जो परिकल्पना की थी आज उत्तराखंड वैसे नहीं बन पाया है। भ्रष्टाचार चरम पर है। निवर्तमान मेयर पर आय से अधिक संपत्ति के आरोप लगे तो भाजपा को प्रत्याशी बदलना पड़ा, लेकिन कार्रवाई फिर भी नहीं की गई। कांग्रेस ने राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान करते हुए विरेंद्र पोखरियाल को टिकट दिया। उन्होंने राज्य आंदोलन की लड़ाई लड़ी, उन्हें राज्य का दर्द है। दून की समझ है। हम विरेंद्र पोखरियाल के नेतृत्व में दून की तस्वीर बदलने का काम किया जाएगा। वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। वह बस्तियों के लिए दो-दो बार अध्यादेश लाती है फिर भी गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाता है। रिस्पना किनारे घरों में लगे लाल निशान बता रहे हैं कि इस बार भाजपा जीती तो इन घरों को तोड़ा जाएगा। कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। मेयर प्रत्याशी विरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि लंबे समय तक आंदोलनकारियों को मिलने वाले दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को जो विधानसभा पारित किया गया था को सालों तक दबाये रखने का काम किया है। यह भाजपा के असली चरित्र को दर्शाता है।
इन वार्डों में किया प्रचार
कांग्रेस ने अधोईवाला, कौलागढ़, डालनवाला उत्तर, गुजराडा मानसिंह, डालनवाला पूर्व, तिलक रोड में जनसंपर्क के साथ ही जनसंभाओं को संबोधित किया। साथ ही कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
जनसंपर्क में ये नेता हुए शामिल
पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक राजकुमार, मोनिका चौधरी, निखिल कुमार, प्रिया थापा, नितिन चंचल, गगन छाछर, राजेश उनियाल, सौरभ उनियाल, महानगर अध्यक्ष डा. जसविन्दर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, डॉ. प्रदीप जोशी समेत अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए।
भाजपा को भ्रष्टाचार छुपाने को प्रत्याशी बदलना पड़ा: माहरा
6