विकासनगर(आरएनएस)। ढकरानी गांव को तहसील और ब्लॉक मुख्यालय समेत विकासनगर बाजार से जोड़ने के लिए शक्ति नहर पर बने पुल और नहर किनारे की मुख्य सड़क के बदहाल स्थिति में होने से स्थानीय ग्रामीणों को दुर्घटना का खतरा सता रहा है। नाराज ग्रामीणों ने रविवार को जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकालकर पुल और सड़क के सुधारीकरण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि शक्ति नहर पर साठ के दशक में पुल बने थे। इन पुलों को हल्के वाहनों की आवाजाही के लिए बनाया था। भारी वाहनों का आवागमन इन पुलों पर प्रतिबंधित था। बावजूद इसके यमुना में खनन में लगे भारी वाहन इन्हीं पुलों से आवाजाही करते हैं। इससे पुल जर्जर हो चुके हैं। आरोप लगाया कि भारी वाहनों ही आवाजाही के कारण ही शक्ति नहर किनारे ढ़करानी गांव की मुख्य सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। गड्ढों में चलने से कई ऑटो रिक्शा और दुपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। जर्जर हो चुके पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पुल के गिरने का कारण बन सकती है, इससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है। सड़क की हालत इतनी जर्जर है कि बारिश के दौरान वह तालाब में तब्दील हो जाती है। इस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस जर्जर सड़क और जर्जर पुलों से हर रोज ग्रामीण जान जोखिम में डालकर विकासनगर बाजार तक पहुंचते हैं। भारी बरसात के दौरान ग्रामीण पुल के ध्वस्त होने के डर से अपने बच्चों को स्कूल भी नहीं भेजते हैं। ग्रामीणों ने जल्द ही पुल और सड़क की मरम्मत किए जाने की मांग की है। आक्रोश रैली में जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ नेगी, मोहम्मद असद, प्रवीण शर्मा पिन्नी, अनिल चौधरी, समून, रिहान गनी कासमी, गयूर, गफूर, मीर हसन, जीशान, वाजिद अली, नसीम, अख्तर, कल्लन, भूरा, इमरान यूनुस, जौहर अली ,नाजर सैन, इसरार, वाजिद, रिजवान आदि शामिल रहे।
देहरादून : जर्जर पुल और सड़क के सुधारीकरण के लिए रैली निकाली
4