पौड़ी(आरएनएस)। शनिवार को अपने एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत पौड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रांसी मैदान में बाबा जसवंत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। रांसी मैदान को पहले ही महावीर चक्र विजेता जसंवत सिंह के नाम पर किए जाने की घोषणा हो गई थी। शनिवार को सीएम ने यहां उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया। इसके बाद सीएम ने रोड शो में हिस्सा लिया। सीएम का रोड शो रांसी मैदान से ही शुरू हुआ। करीब डेढ़ किलोमीटर तक रांसी मार्ग के दोनों ओर सीएम पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। इस दौरान सीएम ने भी लोगों पर खूब फूल बरसाएं और लोगों का अभिवादन किया। सीएम के आगमन को लेकर जिलेभर से लोगों का हुजुम उमड़ा था। पौड़ी में पहली बार इतना बड़ा जनसमूह देखने को मिला। श्रीनगर, कोटद्वार के साथ ही लोग कल्जीखाल, बीरोंखाल, रिखणीखाल, थलीसैंण, दुगड्डा, धुमाकोट , पोखड़ा व एकेश्वर आदि स्थानों से पौड़ी पहुंचे थे। इसमें महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रही। वहीं इसके साथ ही पूर्व सैनिक संगठन, प्रधान संगठन, विभिन्न ग्राम सभाओं से जनप्रतिनिधि और ब्लाकों के पदाधिकारियों के साथ ही बीजेपी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां पहुंचे थे। सुबह से ही रांसी से लेकर कंडोलिया मैदान में खूब भीड़ रही। यहां विभागीय प्रदर्शनियां के साथ ही सीएम की जनसभा के लिए मंच बनाया गया था। सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन बीते कई दिनों से तैयारियों में जुटा रहा। सीएम को रांसी मैदान से ही एक खुले वाहन में बिठाया गया। उनके साथ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत और पौड़ी के विधायक राजकुमा पोरी भी रहे। रांसी मैदान से होता हुआ सीएम का रोडशो कंडोलिया थीम पार्क पहुंचा। यहां विभिन्न स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का सीएम ने जायजा लिया। इसके बाद सीएम ने कंडोलिया मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान पुलिस ने चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्थाएं की हुई थी।
1
