ऋषिकेश(आरएनएस) आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज दबाने से नाराज कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सरकार पर किसानों के आंदोलन को कुचलने का आरोप लगाया है। शनिवार को कांग्रेसी मुनिकीरेती में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि देश के अन्नदाताओं पर लाठियां चलाई जा रही हैं। इसके खिलाफ कांग्रेस आंदोलन करेगी। कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन उनके आंदोलन को कुचलने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस नेता दिनेश भट्ट ने कहा कि 2017 से 2022 के बीच भाजपा को रिकॉर्ड 5271 करोड़ रुपये का चंदा इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए मिला। इतना चंदा आज तक के इतिहास में किसी पार्टी को नहीं मिला, जितना भाजपा को अकेले छह सालों में मिल गया। जिला महासचिव संगठन अनिल रावत ने कहा कि भाजपा ने मित्र उद्योगपतियों को लूट की खुली छूट दी और बदले में इन मित्रों ने भाजपा की तिजोरी भरी। नगर अध्यक्ष तपोवन नवीन भंडारी ने कहा कि आखिर केंद्र सरकार चंदा दाताओं का नाम क्यों छिपाना चाहती है। कहा भाजपा नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों में नगर अध्यक्ष महावीर खारोला, दिनेश सकलानी, अजय रमोला, आशीष श्रीवास्तव, विकी प्रजापति, दयाल सिंह भंडारी, संतोष पैन्यूली, सुरेंद्र भंडारी, अक्षत भट्ट, दयाल सिंह भंडारी, संदीप भंडारी, भगवती प्रसाद उनियाल, चिंतामणि सेमवाल, शिवा सिंह आदि शामिल रहे।
कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
15
