देहरादून,18,02,2026
देहरादून। देहरादून वन प्रभाग की थानों रेंज में बुधवार को अंतर-विभागीय वनाग्नि मॉक ड्रिल आयोजित की गई। वनाग्नि काल से पहले तैयारियों को परखने के लिए हुए इस अभ्यास में कई विभागों ने मिलकर आपदा प्रबंधन का प्रदर्शन किया।
सुबह करीब 11:30 बजे फॉरेस्ट फायर मोबाइल ऐप के जरिए वनाग्नि की सूचना मिलते ही फायर क्रू की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रास्ते में अवरोध की सूचना पर लोक निर्माण विभाग को मार्ग साफ करने के निर्देश दिए गए, जबकि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को अलर्ट किया गया। रानीपोखरी थाना पुलिस ने मौके पर यातायात और भीड़ नियंत्रण संभाला। अग्निशमन विभाग ने फायर टेंडर से आग बुझाने की कार्रवाई की। संयुक्त प्रयासों से करीब 12:15 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। ड्रिल के दौरान तेज हवा के कारण दो फायर क्रू सदस्य घायल होने का सिमुलेशन किया गया। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने उन्हें सुरक्षित निकालकर स्वास्थ्य विभाग को सौंपा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।
मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और लोक निर्माण विभाग की टीमों ने भाग लिया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, वन पंचायत और स्वयं सहायता समूह भी शामिल रहे। सभी विभाग अपने संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचे और समन्वित कार्रवाई का अभ्यास किया। अभ्यास के बाद अधिकारियों ने समीक्षा बैठक कर समन्वय और प्रतिक्रिया समय को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। वन विभाग के अनुसार, ऐसे अभ्यास वास्तविक वनाग्नि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मददगार साबित होते हैं।
